Buldhana: संजय राउत के '20 करोड़' वाले दावों पर MLA धीरज लिंगाड़े का पलटवार; बोले- "BJP से कोई ऑफर नहीं, मैं बिकने वाला विधायक नहीं!"
बुलढाणा: महाराष्ट्र की राजनीति में आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर एक बार फिर गरमा गया है। शिवसेना (UBT) नेता और सांसद संजय राउत द्वारा अमरावती संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (ग्रेजुएट सीट) से विधायक धीरज लिंगाड़े को लेकर किए गए एक बड़े दावे के बाद, खुद विधायक लिंगाड़े ने सामने आकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। धीरज लिंगाड़े ने संजय राउत के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि बीजेपी की तरफ से उन्हें कोई ऑफर नहीं मिला है और तोड़-फोड़ की खबरें पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठी हैं।
क्या था संजय राउत का सनसनीखेज दावा?
दरअसल, महाविकास अघाड़ी के प्रमुख नेता संजय राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सनसनीखेज आरोप लगाया था कि अमरावती संभाग के स्नातक विधायक धीरज लिंगाड़े को पाला बदलने के लिए बीजेपी की ओर से 20 करोड़ रुपये का ऑफर दिया जा रहा है। राउत ने यह भी दावा किया कि बीजेपी द्वारा पाला बदलने के लिए बनाए जा रहे इसी मानसिक दबाव के कारण विधायक लिंगाड़े की तबीयत बिगड़ गई और वे अस्पताल में भर्ती हो गए।
"संजय राउत के बयान से मुझे भी आश्चर्य हुआ" - धीरज लिंगाड़े
संजय राउत के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में मचे हड़कंप के बीच विधायक धीरज लिंगाड़े ने खुद मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी। लिंगाड़े ने स्पष्ट किय, "मुझे बीजेपी की तरफ से कोई ऑफर नहीं मिला है और न ही मेरे संदर्भ में किसी तरह की तोड़-फोड़ की कोई बात चल रही है। यह जानकारी पूरी तरह से गलत और निराधार है। संजय राउत जी महाविकास अघाड़ी के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उन्होंने मेरे बारे में ऐसा बयान क्यों दिया, इस बात का आश्चर्य खुद मुझे भी हो रहा है।"
"मैं पैसों के लालच में आने वाला विधायक नहीं"
अपनी निष्ठा और राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए विधायक धीरज लिंगाड़े ने आगे कहा, "मैं इस वक्त किसी भी राजनीतिक दल के संपर्क में नहीं हूं। मैं पैसों के लालच या किसी भी तरह के प्रलोभन में आने वाला विधायक नहीं हूं। जनता ने मुझे जिस विश्वास के साथ चुना है, मैं उस पर कायम हूं।"
admin
News Admin